रायपुर
बोरियाकला में चाकूबाजी की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 फरवरी। बोरियाकला इलाके में राजीव भवन के कर्मचारी को चाकू से जख्मी करने वाले बदमाश को देर रात पु़लिस ने टिकरापारा क्षेत्र से हिरासत में ले लिया है। आदतन बदमाश तिलक ने राजीव भवन में कार्यरत कर्मचारी धनंजय मिश्रा को एक दिन पहले चाकू से जख्मी कर दिया था। धनंजय के बेटे के साथ हुए झगड़े का मसला सुलझाने के दौरान आरोपी ने बेखौफ हमला कर दिया था। पेट में हमला करने के वक्त बीच बचाव करते धनंजय को जांघ में चोट आई। पुलिस का कहना है आरोपी के साथ प्रार्थी के बेटे का पुराना झगड़ा है। इसे लेकर दोनों में कई बार विवाद की स्थिति सामने आ चुकी है। काम खत्म करने के बाद धनंजय आरोपी के पास विवाद सुलझाने के पहुंचा था। इस दौरान आरोपी ने गाली गलौज शुरू कर दिया। प्रार्थी के मना करने पर वह मारपीट में उतारू हो गया। कुछ देर बाद जेब से चाकू निकालकर जांघ में हमला कर दिया। प्रार्थी के शोर मचाने के बाद आरोपी वहां से तुरंत फरार हो गया। चाकूबाजी की घटना के बारे में पता चलने पर पुलिस ने देर रात आरोपी की खोजबीन शुरू की। एक सूत्र ने बताया, टिकरापारा क्षेत्र में ठिकाना बनाकर छिपे आरोपी तिलक को हिरासत में ले लिया। मौके पर हमले में इस्तेमाल चाकू की बरामदगी नहीं हो पाई। टीआई संजीव मिश्रा ने सोमवार को बताया, आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ शुरू की है। वारदात में इस्तेमाल चाकू की खोजबीन कर रहे हैं। आरोपी आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ में पूर्व में भी शिकायत दर्ज है।