रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एक अप्रैल से नए कुलपति पदस्थ कर दिए जाएंगे। इसके लिए राजभवन में चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें अब तक सामने आए नामों को लेकर विरोध शुरू हो गया है। इनमें से सभी बाहरी गैर छत्तीसढिय़ा प्रोफेसर बताए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया का सीएम भूपेश बघेल, और कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी विरोध किया है। सीएम का कहना है कि प्रदेश में नए प्रतिभाओं की कमी नहीं। राजभवन को इस पर विचार करना चाहिए। दूसरी ओर, राज्य सरकार के इस रूख के बाद विवि के प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, और तकनीकी स्टॉफ एसोसिएशन ने गुरूवार से आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ ने महाविद्यालय के गेट पर तालेबंदी कर दी है, और धरने पर बैठ गया है। इस धरने में अध्यक्ष डॉ. वीएन मिश्रा, महासचिव डॉ. पीके संगोडे, उपाध्यक्ष डॉ. जीपी बंजारा, डॉ. राजेश चौकसे, डॉ. जेएल नाग, डॉ. संजय वर्मा, संयुक्त सचिव नवनीत राणा समेत सैकड़ों अधिकारी कर्मचारी, प्रोफेसर शामिल हैं।
इसलिए हो रहा विरोध...
कुलपति डॉ. एसके पाटील का कार्यकाल खत्म होने के पूर्व कुलपति चयन के लिए सर्च कमेटी बनाई गई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम की अध्यक्षता वाली इस कमेटी में शामिल आनंद मिश्रा और एसीएस सुबत साहू ने चार नामों का पैनल बनाकर शासन को भेजा था। प्राध्यापकों का आरोप है कि कुलाधिपति ने इस पूरी प्रकिया को दरकिनार कर नई सर्च कमेटी का गठन कर दिया। इसका चेयरमैन एक पूर्व कुलपति अरविंद भाई पाठक को बनाया है लेकिन प्रोफेसरों का कहना है कि नई कमेटी असंवैधानिक है।