रायपुर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 30 जनवरी। शहर के आउटर में दो अलग-अलग जगह सडक़ दुर्घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक्सीडेंट की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम किया गया।
शनिवार को धरसींवा रोड में बाइक सवार रामगोपाल निषाद को तेज रफ्तार चारपहिया ने कुचल दिया। राम गोपाल के साथ परिचित महिला जानकी साहू निकली थी। पीछे से ठोकर लगने के बाद वह भी घायल हो गई। हादसा लगभग ढाई बजे हुआ। वाहन कार क्रमांक एम0एच0 46/एम0/2758 के चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया।
बाइक सवार धरसींवा की ओर निकले थे। सडक़ दुर्घटना के दूसरे मामले में गोबरा नवापारा पुलिस ने लापरवाह चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। बरौंदा निवासी दुलौरिन यादव की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया, मृतिका अपने पति के साथ धुसेरा गांव के लिए निकली थी। 28 जनवरी को लगभग ढाई बजे दंपत्ति हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने बताया गांव जाते समय एक माल वाहक वाहन के चालक ने पीछे से ठोकर मार दिया। मौके पर सिर के बल गिर जाने के बाद दुलौरिन को गंभीर चोंटे आई। उपचार के लिए जब नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, तब डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।