रायपुर

कोरोना पीडि़तों की संख्या में इजाफे के साथ मौत के भी मामले बढ़ रहे
18-Jan-2022 4:39 PM
कोरोना पीडि़तों की संख्या में इजाफे के साथ मौत के भी मामले बढ़ रहे

बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगवाने की सलाह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जनवरी।
प्रदेश में कोरोना पीडि़तों की संख्या में इजाफे के साथ-साथ मौतों की संख्या भी बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि बुजुर्ग- गंभीर बीमारियों से पीडि़त लोग बूस्टर डोज जरूर लगवाएं।

डायरेक्टर (महामारी) डॉ सुभाष मिश्रा का कहना है कि अभी तक जितनी भी मौतें हुई हैं, उनमें ज्यादातर लोग अन्य बीमारियों से पीडि़त  रहे हैं। ऐसे में बुजुर्गों को बूस्टर लगवाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि  कोरोना के प्रकरण बढ़ेंगे, तो हाईरिस्क ग्रुप में आने वाले लोगों के चपेट में आने की संभावना ज्यादा है।

सोमवार को कोरोना से प्रदेशभर में 10 लोगों की मौत हुई है। मौतों की संख्या में इजाफे के बाद इसके रोकथाम के लिए कोरोना का बूस्टर डोज लगवाने की सलाह दी गई है। अभी तक सिर्फ 11 फीसदी लोगों को ही बूस्टर डोज लगे हैं। जबकि 11 लाख 75 हजार से अधिक लोगों को बूस्टर डोज लगवाने का लक्ष्य है। अलबत्ता, 15 से 18 आयु वर्ग के  54 फीसदी किशोर कोरोना वैक्सीन लगवा चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि कोरोना केसेस में लगातार तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि अभी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या कम है, लेकिन कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में अस्पताल में बेड कम पड़ सकते हैं। अभी अगले 15 दिनों सावधानी की जरूरत है क्योंकि पीक आ सकता है, और फिर इसके बाद धीरे-धीरे कोरोना के केसेस कम होने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट