रायपुर

धरसीवा में लुधियाना के युवक की हत्या, दोस्त ने पहले शराब पिलाई फिर गला घोटा
16-Jan-2022 5:35 PM
धरसीवा में लुधियाना के युवक की हत्या, दोस्त  ने पहले शराब पिलाई फिर गला घोटा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 जनवरी। धरसीवा थाने के ग्राम मोहनदा जाने वाले रास्ते में शनिवार की रात मनोज कुमार की  हत्या कर दी गई।  घटनास्थल की छानबीन में पता चला मृतक कुछ देर पहले ही मनोज अपने एक साथी के साथ शराब पीते देखा गया था। पुलिस को संदेह है साथ में शराब पीने वाले दोस्त दुलेश्वर पात्रे उर्फ राजा ने ही घटना को अंजाम दिया।  राजा को संदेह था कि उसकी पत्नी से मनोज के अवैध संबंध है। पुलिस ने धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर राजा को गिरफ्तार कर लिया है।

धरसीवा पुलिस का कहना है रात करीब 8 बजे एक राहगीर  भरत रात्रे ने सबसे पहले शव को देखा। और धरसीवा थाने को सूचना दी। पेट्रोलिंग टीम ने रवाना करने के बाद घटनास्थल से मृतक के जेब में मिले आधार कार्ड से तस्दीक की। कार्ड में मनोज कुमार और पता लुधियाना पंजाब लिखा हुआ है। मृतक के चेहरे के साथ बदन के और कुछ हिस्सों पर किसी भारी वजनी चीज से चोट के निशान थे। नाक  और मुंह से खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया ही, पुलिस ने इस मामले में हत्या की आशंका दर्ज करते हुए छानबीन शुरू की। पुलिस ने बताया आसपास के लोगों ने मृतक को एक अन्य साथी के साथ घूमते हुए देखा था। एक जगह में शराब भी पी रहे थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद की आशंका थी। इसके बाद आरोपी ने मनोज का गला घोटकर जान ले ली, और लाश को पास के  नाले में फेंककर फरार हो गया। धरसीवा पुलिस ने राजा को पहले हिरासत में लिया, और फिर घटना स्वीकारने के बाद गिरफ्तार कर लिया। मृतक मनोज उर्फ राजा धरसींवा के फार्चून कंपनी में एक साथ काम करते थे।


अन्य पोस्ट