रायपुर

टीकाकरण की गति को बढ़ाने बूथ लेवल अफसरों को घर-घर सर्वे करने के निर्देंश
08-Sep-2021 7:37 PM
टीकाकरण की गति को बढ़ाने बूथ लेवल अफसरों को घर-घर सर्वे करने के निर्देंश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 सितंबर। राज्य शासन द्वारा कोविड-19 टीकाकरण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता में दी गई है। रायपुर जिले में वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत नागरिकों ने कोविड वैक्सीनेशन के तहत पहले डोज का टीका लगवा लिया है लेकिन अभी भी करीब 20 प्रतिशत नागरिकों द्वारा टीकाकरण नहीं कराया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार ने टीकाकरण की गति को बढ़ाने हेतु बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर सर्वे कर सूची तैयार करने के लिए निर्देशित किया है जिससे छूटे हुए नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने में सहायता मिल सके।

कलेक्टर ने कहा है कि टीकाकरण हेतु शेष बचे लगभग 20 प्रतिशत लोगों की जानकारी संकलित करने एवं उनके बीच अगर टीकाकरण के संबंध में कोई भ्रम है तो उसके निवारण में बूथ लेवल अधिकारियों की बड़ी भूमिका है। जिले में अभी तक करीब 14 लाख नागरिकों ने कोविड टीकाकरण प्रथम डोज लगवाया है तथा करीब 5 लाख नागरिकों ने टीके का दूसरा डोज भी लगवा लिया है।


अन्य पोस्ट