रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी, और भाजपा के लोगों के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रभारी ने इस पर थूकने की जो बात की है, उसका सीधे सीधे मतलब यह है कि छतीसगढ़ की सोच संस्कृति और स्वाभिमान से भाजपा नफरत करती है। छत्तीसगढ़ की जनता ने अपना विश्वास भरोसा जिस सरकार को सौंपा है, उस पर ये थूकने की बात कर रहे है। सच तो यह है कि जो दिमाग़ में होता है वही ज़बान पर आता है। भारतीय जनता पार्टी की प्रभारी ने लोकतांत्रिक ढंग से चुनी सरकार के बारे में थूक कर बहा देने जैसे शब्दों का प्रयोग कर भारत के लोकतंत्र के प्रति भी अविष्वास और नफरत दिखाया है। उनका यह बयान देश के संविधान का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उसकी आस्था दिल से जुड़ी है और छतीसगढ़ की जनता ने अपने दिल से कांग्रेस पर भरोसा जताया है और छत्तीसगढ़ की सरकार उस पर खरी उतर रही है, छतीसगढ़ की अस्मिता पहचान और स्वाभिमान को संजो कर गाँव गरीब किसान मजदूर जंगलो में रहने वालो के साथ मिल कर कांग्रेस की सरकार द्वारा नवा छतीसगढ़ को दिल से गढ़ा जा रहा है।


