रायगढ़
दिवाली मिलन समारोह में गूंजे ‘जय जूदेव’ के नारे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 नवंबर। नवगठित नगर पंचायत तमनार के पहले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आयोजित दो दिवसीय दीवाली मिलन समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी। चुनाव प्रभारी एवं पूर्व सांसद लखनलाल साहू, सह प्रभारी संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया और पूर्व विधायक सुनीति राठिया सहित अनेक नेता शामिल हुए। इस दौरान समारोह स्थल ‘जय जूदेव’ के नारों से गूंज उठा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुत्रवधू एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव की मौजूदगी आयोजन का विशेष आकर्षण रही। उन्होंने अपने संबोधन में स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के जनसेवा, समर्पण और समाज के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि जूदेव परिवार का जनता से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पीढिय़ों से जुड़ा आत्मीय संबंध है। जनता का स्नेह और विश्वास ही परिवार की सबसे बड़ी पूंजी है। उनके भावुक संबोधन के दौरान समारोह में मौजूद कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं।
कार्यकर्ताओं के घर पहुंचे चुनाव प्रभारी
चुनाव प्रभारी लखनलाल साहू ने दो दिवसीय प्रवास के दौरान तमनार में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर मुलाकात की तथा संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। वरिष्ठ नेताओं की इस सक्रियता को भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर जताया आभार
संयोगिता जूदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तमनार को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में नगरीय सुविधाओं और विकास के नए अवसर खुलेंगे। नगर पंचायत के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष का पद क्षेत्र के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। समारोह में पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, पूर्व विधायक सुनीति राठिया, पूर्व महापौर जोगेश लांबा और जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।