रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 नवंबर। पूंजीपथरा पुलिस ने पांच ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का डीजल खरीदने वाले ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर डीजल और वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार जब्त की गई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 नवंबर की रात उसने अपना ट्रक पूंजीपथरा में सडक़ किनारे खड़ा किया था। अगले दिन ट्रक की डीजल टंकी टूटी मिली और डीजल गायब था। आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की टंकियां तोडक़र भी करीब 300 लीटर डीजल चोरी किया गया था। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने जांच के दौरान संदेही सूरज यादव (23), निवासी सराईटोला, जिला जशपुर, हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते 17 नवंबर की रात जाइलो कार से ट्रकों की रेकी कर पांच ट्रकों से डीजल चोरी किया था। चोरी का कुछ डीजल ट्रक चालकों को बेचने के अलावा संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44) को भी बेचा था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ढाबा संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने सूरज के कब्जे से 50 लीटर और मुकेश के पास से 30 लीटर डीजल बरामद किया। चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।