रायगढ़

कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान राशि-अशोक अग्रवाल
21-Nov-2026 8:35 PM
कम धान बेचने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान राशि-अशोक अग्रवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 21 नवंबर। कृषक उन्नति योजना के तहत निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता देने के राज्य सरकार के निर्णय का भाजपा जिला सह प्रवक्ता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक अग्रवाल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे किसान हित में ऐतिहासिक और दूरगामी फैसला बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण कई बार किसानों का उत्पादन कम हो जाता है। कम बारिश, अतिवृष्टि और अन्य कारणों से किसान अपनी पूरी क्षमता के अनुसार धान नहीं उगा पाते। ऐसे में कम उत्पादन के कारण उनकी आर्थिक सहायता में कटौती करना उचित नहीं होता। मुख्यमंत्री ने किसानों की इस समस्या को समझते हुए कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को पूरी आदान सहायता देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि खरीफ वर्ष 2026-27 में कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को सत्यापित धान रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता मिलेगी। यानी निर्धारित शर्तों के अनुसार एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय 15 क्विंटल धान बेचने वाले किसान को भी पूरी सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी की वित्तीय दूरदर्शिता और मजबूत आर्थिक प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की वित्तीय व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देना महत्वपूर्ण है।


अन्य पोस्ट