रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 नवंबर। धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगली हाथियों की बढ़ती मौजूदगी से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। वन मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में 138 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बीती रात हाथियों ने अलग-अलग रेंजों में 24 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। फसल पककर तैयार होने के कारण किसान रातभर जागकर खेतों की रखवाली कर रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार, वन मंडल में मौजूद 138 हाथियों में 42 नर, 67 मादा और 29 शावक हैं। इनमें क्रोंधा परिसर में 47, लैलूंगा रेंज के तिलाईदरहा में 32, आमगांव में 24 और रैरूमा क्षेत्र में 18 हाथी मौजूद हैं। शेष हाथी अन्य क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं।
24 किसानों की फसल प्रभावित
बीती रात लैलूंगा रेंज के नरेकेला में 8, ढोर्रोआमा में 7 तथा शेरबन, बायसी और मेढरमार में 5 किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा। वहीं क्रोंधा में 2 तथा नागदरहा और सिसकोबा में एक-एक किसान की धान की फसल प्रभावित हुई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। इसके बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।
थर्मल ड्रोन से निगरानी
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग और हाथी मित्र दल दिन-रात निगरानी कर रहे हैं। थर्मल ड्रोन की मदद से हाथियों की लोकेशन ट्रैक की जा रही है। प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को हाथियों की आवाजाही की जानकारी देकर सतर्क रहने और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।