रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 नवंबर। कापू पुलिस को शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण के मामले में एक और सफलता मिली है। थाना कापू पुलिस ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों एवं अवैधानिक तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम पर अंतरित कर बिक्री करने के मामले में भूमि विक्रेता आरोपी उजीतराम पिता नान्हीराम, (52), निवासी रायमेर, थाना कापू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 11 अगस्त को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल द्वारा थाना कापू में दी गई रिपोर्ट से हुई थी। जांच के दौरान शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किए जाने तथा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगे अन्य व्यक्तियों को अंतरित किए जाने का खुलासा हुआ। मामले में तत्कालीन पटवारी राकेश साय, मुक्तारधारी कैलाश कुमार जेठवानी उर्फ सोनी, विक्रेता उजीतराम, अनुप्रमाणक साक्षी अगस्तुस खलखो एवं लालबहादुर यादव के विरुद्ध थाना कापू में धारा 420, 467, 468, 471, 120(बी) भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने 02 सितंबर को मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपी तत्कालीन पटवारी राकेश साय, उम्र 45 वर्ष, निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप एवं प्रिंटर भी जब्त किए गए थे।
22 नवंबर को थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का आरोपी उजीतराम अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ग्राम रायमेर स्थित शासकीय भूमि को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों एवं अवैधानिक तरीके से उक्त भूमि का अन्य व्यक्ति के पक्ष में अंतरण किया गया। आरोपी उजीतराम द्वारा उक्त भूमि की बिक्री के लिए मुक्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिए जाने तथा उसके माध्यम से बिक्री कराए जाने की बात भी सामने आई। विवेचना में आरोपी उजीतराम के अपराध में संलिप्त होने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।