रायगढ़

दिव्यांग युवती से गैंगरेप, दो को उम्रकैद
21-Nov-2026 8:06 PM
दिव्यांग युवती से गैंगरेप, दो को उम्रकैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 नवंबर।
जूटमिल थाना क्षेत्र में मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के गंभीर मामले में रायगढ़ की विशेष पॉक्सो अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेन्द्र साहू की अदालत ने मुख्य आरोपी अविनाश फिलिप और अमित फिलिप को दोषी ठहराते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, घटना के बाद दोनों आरोपियों को अपने घर में छिपाकर रखने और उन्हें संरक्षण देने के मामले में प्रदीप बोरकर को भी दोषी ठहराया गया है।

अदालत में प्रस्तुत अभियोजन के अनुसार, घटना 14 दिसंबर 2024 की है। पीडि़ता घर से नाराज होकर रायगढ़ पहुंची थी। इसी दौरान मिनीमाता चौक स्थित बापोडिपा धर्मशाला के आगे रेलवे पटरी के पास उसकी मुलाकात दो युवकों से हुई। पीडि़ता ने उनसे शौचालय जाने का रास्ता पूछा। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे अपने साथ चलने का इशारा किया और स्कूटी में बैठाकर पहाड़ मंदिर की ओर जंगल-झाडिय़ों में ले गए। वहां उसके साथ बारी-बारी से रेप  किया और विरोध करने पर मारपीट करते हुए किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने मामले में पीडि़ता की शिकायत पर जूटमिल थाने में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कराई, जिसमें पीडि़ता ने उन्हें पहचान लिया। 

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी प्रदीप बोरकर के मकान से बरामद की थी। अभियोजन के मुताबिक, प्रदीप बोरकर को घटना की जानकारी होने के बावजूद उसने दोनों आरोपियों को अपने घर में छिपाकर रखा और उन्हें खाना खिलाकर गिरफ्तारी से बचाने में मदद की।

दोनों आरोपियों को भुगतनी होगी आजीवन सजा
मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अविनाश फिलिप और अमित फिलिप को दोषी करार दिया। न्यायालय ने दोनों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(के) और 70(4) के तहत आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा अन्य धाराओं में भी पांच वर्ष, दो वर्ष और एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजाएं सुनाई गई हैं। हालांकि अदालत ने सभी कारावास की सजाएं साथ-साथ भुगताने का आदेश दिया है।

अदालत ने पीडि़ता के पुनर्वास और उसे हुए नुकसान को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीडि़त क्षतिपूर्ति योजना के तहत 5 लाख रुपये मुआवजा देने की अनुशंसा भी की है।

 


अन्य पोस्ट