रायगढ़

एसएसपी ने ली बैठक, वर्षांत से पहले थानों की पेंडेंसी 5 फीसदी से कम करने का लक्ष्य
22-Nov-2026 9:16 PM
एसएसपी ने ली बैठक, वर्षांत से पहले थानों की पेंडेंसी 5 फीसदी से कम करने का लक्ष्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 नवंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। इसमें कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, शिकायतों के निराकरण और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए अगले एक माह में अधिकाधिक प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्षांत से पहले सभी थानों में लंबित अपराधों की पेंडेंसी 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा जाए। नए आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों का 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में निराकरण, लंबित चालान शीघ्र न्यायालय में पेश करने तथा मर्ग प्रकरणों का तीन माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ठंड के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए रात्रि गश्त मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग करने को भी कहा गया। ऑपरेशन आघात, अंकुश, प्रहार, अभियान संवेदना और ऑपरेशन शंखनाद की समीक्षा करते हुए अवैध शराब, जुआ, सट्टा और सक्रिय बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की फाइल तैयार करने और जिला बदर के प्रस्तावों पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने लंबित गुमशुदगी के मामलों में परिजनों, परिचितों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र पतासाजी करने तथा लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। फरार आरोपियों एवं वारंटियों का डाटा अपडेट करने, सीसीटीएनएस में आवश्यक प्रविष्टियां और प्रत्येक प्रकरण में ई-साक्ष्य तैयार करने के निर्देश दिए।

सभी थाना प्रभारियों को किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने तथा मकान मालिकों को सिटीजन पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया। होटल, लॉज और अन्य अस्थायी निवास स्थलों की नियमित जांच तथा संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।

सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तेज रफ्तार वाहनों की जांच और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

 बैठक में आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र के लिए आवश्यक सूचनाएं समय पर और तथ्यात्मक रूप से भेजने के निर्देश भी दिए गए।


अन्य पोस्ट