रायगढ़

शादी का झांसा, रेप, आरोपी बंदी
22-Nov-2026 9:14 PM
शादी का झांसा, रेप, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 नवंबर। महिला थाना रायगढ़ की टीम ने शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार (24) को शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने 19 नवंबर को महिला थाना रायगढ़ में आवेदन देकर बताया कि वह करीब 10 वर्ष पहले अपने रिश्तेदार के यहां चंद्रपुर क्षेत्र गई थी, जहां से उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। मई 2025 में परमेश्वर ने फोन कर युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई। कुछ दिनों बाद आरोपी रायगढ़ में काम कर रहने लगा था।

13 जुलाई 2025 को आरोपी युवती से मिलने उसके घर पहुंचा और उसे घूमने के बहाने केलो डेम ले गया। वहां शादी करने का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। युवती के अनुसार मई 2025 में उसके गर्भवती होने पर भी आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकरने लगा।

2 नवंबर को युवती ने आरोपी को फोन कर अपने घर ले जाने के लिए कहा, जिस पर उसने आने से इंकार कर दिया। इसके बाद 5 नवंबर को युवती स्वयं आरोपी के गांव भैसानारा स्थित घर पहुंची, जहां आरोपी के परिजनों ने  परमेश्वर सिदार की शादी हो जाने की बात कहते हुए युवती को घर से भगा दिया। बाद में आरोपी ने भी शादी करने से साफ इंकार कर दिया।

युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर महिला थाना की टीम पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल लेकर चंद्रपुर रवाना हुई। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लेकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर जाने वाला है।


अन्य पोस्ट