रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 22 नवंबर। रायगढ़ की एक औद्योगिक कंपनी से आंध्र प्रदेश भेजा गया करीब 7.28 लाख रुपये का माल कथित तौर पर रास्ते से गायब हो गया। निर्धारित स्थान पर माल की डिलीवरी नहीं होने और एजेंट, ट्रक मालिक व चालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर कंपनी के डायरेक्टर ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सहदेवपाली स्थित रायगढ़ सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सरोज कुमार पाठी ने बताया कि 5 अक्टूबर को कंपनी से 585 बैग डीओआरबी (29.380 मीट्रिक टन), जिसकी कीमत 6 लाख 46 हजार 360 रुपये थी, आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले की साईबाबा ट्रेडिंग कंपनी के लिए रवाना किया गया था। परिवहन का जिम्मा एजेंट गणेश राम अग्रवाल उर्फ अनिल अग्रवाल को सौंपा गया था। 82 हजार 264 रुपये भाड़ा तय हुआ था, जिसमें 72 हजार 264 रुपये अग्रिम दिए गए थे।
शिकायत के मुताबिक, ट्रक चालक ने पहले ओडिशा में इंजन खराब होने और बाद में विशाखापट्टनम में आंधी-तूफान के कारण वाहन फंसने की जानकारी दी। इसके बाद अनकापल्ली के पास दोबारा इंजन खराब होने की बात कही गई।
हालांकि, लंबे समय बाद भी माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। पूछताछ करने पर एजेंट, चालक और वाहन मालिक अलग-अलग जवाब देने लगे। कंपनी ने एजेंट गणेश राम अग्रवाल, चालक साधु राम भगत तथा वाहन स्वामी सीटीसी इंपेक्स के भागीदार मोहम्मद फारूख नविवाला और मोहम्मद रमीज अघाड़ी पर मिलीभगत कर माल हड़पने का आरोप लगाया है।
कंपनी के अनुसार माल और परिवहन भाड़े सहित कुल 7 लाख 28 हजार 624 रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर माल की स्थिति एवं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।