रायगढ़

चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी बंदी
21-Nov-2026 8:37 PM
चोरी की बाइक के साथ दो आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 21 नवंबर। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में चौकी खरसिया पुलिस ने त्वरित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया।

प्रार्थी लक्ष्मी नारायण साहू (44) ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने घर के सामने सब्जी दुकान लगाता है। 24 अक्टूबर को उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर चौकी खरसिया में  धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घघरा के जितेश और आदित्य चौबे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।  गिरफ्तार आरोपियों में जितेश कुमार उर्फ गीतेश निषाद (22), एवं आदित्य चौबे (21), दोनों निवासी ग्राम घघरा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट