रायगढ़

शादी का झांसा, रेप, फरार आरोपी बंदी
21-Nov-2026 8:37 PM
शादी का झांसा, रेप, फरार आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 21 नवंबर। शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को महिला थाना रायगढ़ की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी अपराध दर्ज होने के बाद से फरार था, जिसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर महिला थाना की टीम ने थाना जूटमिल क्षेत्र के ग्राम भाठनपाली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

03 नवंबर को 33 वर्षीय स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और शारीरिक शोषण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि उसका वर्ष 2012 में सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। वर्ष 2024 में उसकी जान-पहचान प्रवीण कुमार प्रधान से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। वर्तमान में महिला चक्रधरनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थी, जहां आरोपी का आना-जाना था। पीडि़ता के अनुसार, 04 दिसंबर 2024 को आरोपी ने शादी करने का विश्वास दिलाकर उसे अपने किराये के मकान में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए और इसके बाद भी समय-समय पर शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोप है कि 18 जनवरी को आरोपी महिला के घर पहुंचा और विवाद करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद शादी करने से साफ इंकार करते हुए धमकी दी। पीडि़ता की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 351(3), 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जूटमिल पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर सक्रिय कर रखे थे। आरोपी के ग्राम भाठनपाली में देखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट