रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 20 नवंबर। अवैध और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का मामला पकड़ा है। पुलिस ने किराये के मकान में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना पुलिस की टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक कार्य के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं, पूछताछ में आरोपी ने पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होना बताया। पुलिस ने ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।