रायगढ़

कृषि केंद्र और मेडिकल दुकान में चोरी
17-Nov-2026 6:12 PM
कृषि केंद्र और मेडिकल दुकान में चोरी

रायगढ़, 17 नवंबर। खरसिया चौकी क्षेत्र के अंजोरीपाली में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कृषि केंद्र का शटर और काउंटर का ताला तोडक़र करीब 90 हजार रुपए नकद पार कर दिए। वहीं, बगल में स्थित मेडिकल स्टोर का ताला तोडक़र भी चोरी की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम गीधा बेलभांठा निवासी बंशीलाल चौहान  (शिकायत में पिता का नाम बंशीराम) अंजोरीपाली स्थित डभरा रोड पर लक्की कृषि केंद्र का संचालन करते हैं।

वे प्रतिदिन सुबह दुकान खोलकर शाम करीब 7:30 बजे बंद करते हैं। 6 नवंबर को भी दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। दुकान के काउंटर में करीब 90 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने 7 नवंबर से दुकान नहीं खोली थी।

13 नवंबर की रात करीब 1 बजे पड़ोस में दुकान संचालित करने वाले युवानंद डनसेना और चेतन प्रकाश यादव ने उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर खुला हुआ है। इसके बाद वे अपने पिता और दोनों परिचितों के साथ रात करीब 2 बजे दुकान पहुंचे। वहां शटर खुला मिला। अंदर जांच करने पर सीसीटीवी कैमरे का वायर खींचा हुआ था और काउंटर का ताला टूटा हुआ था। काउंटर में रखे करीब 90 हजार रुपए गायब थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अज्ञात चोर दुकान का शटर तोडक़र अंदर घुसे और नकदी लेकर फरार हो गए। इसी दौरान दुकान के बगल में स्थित युवानंद डनसेना के डनसेना मेडिकल स्टोर का ताला तोडक़र भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।


अन्य पोस्ट