रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 नवंबर। शेयर बाजार में निवेश कर रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मीरा सोनवानी (57) मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां है। पुलिस के अनुसार, वह अपनी बेटी के साथ मिलकर महिलाओं से निवेश के नाम पर रकम जुटाने में सहयोग करती थी। इसके बदले उसे 5 से 10 हजार रुपये दिए जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद सहित अन्य महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मेनका सारथी अपने मायके आने पर गांव की महिलाओं को शेयर बाजार में निवेश से कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देती थी। उसने रकम वापस करने की गारंटी भी दी थी। इस भरोसे में आकर महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 70.77 लाख रुपये निवेश के लिए दिए। इनमें हारा बाई निषाद की 17 लाख 53 हजार रुपये की राशि शामिल है।
शुरुआत में कुछ महिलाओं को मुनाफे की रकम लौटाकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में न तो मूल रकम वापस की गई और न ही मुनाफा दिया गया। पीडि़तों को पता चला कि निवेश के नाम पर ली गई राशि का इस्तेमाल निजी कार्यों में किया गया है। कई महिलाओं ने इसके लिए कर्ज भी लिया था।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जांच के दौरान बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी, मीरा सोनवानी एवं मिनकेतन सिदार के नाम सामने आए। पुलिस ने मुख्य आरोपी मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मिनकेतन सिदार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फरार मीरा सोनवानी की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर साइबर थाना पुलिस ने ग्राम जतरी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी जब्त की है। पूछताछ में अपराध में संलिप्तता सामने आने पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश और आगे की जांच जारी है।