रायगढ़

पूर्व मंत्री उमेश पटेल के समक्ष रामचंद्र शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ
13-Nov-2026 6:50 PM
पूर्व मंत्री उमेश पटेल के समक्ष रामचंद्र शर्मा ने थामा कांग्रेस का हाथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 नवंबर। प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं पूर्व पुलिस निरीक्षक रामचंद्र शर्मा ने 12 नवंबर की देर शाम कांग्रेस में प्रवेश किया।

पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल की मौजूदगी में नंदेली हाउस में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नगेंद्र नेगी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले रायगढ़ कांग्रेस भवन में उनकी प्राथमिक सदस्यता की प्रक्रिया पूरी की गई।

रामचंद्र शर्मा के सक्रिय राजनीति में आने को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं। उनके कांग्रेस प्रवेश को जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। शिक्षा, खेल, पत्रकारिता और सामाजिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय शर्मा पूर्व पुलिस निरीक्षक के रूप में भी प्रशासनिक अनुभव रखते हैं। विभिन्न सामाजिक वर्गों में उनके संपर्क और सक्रियता को उनकी प्रमुख पहचान माना जाता है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि रामचंद्र शर्मा के अनुभव और सामाजिक संपर्कों से संगठन को मजबूती मिलेगी। उनके पार्टी में शामिल होने से शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच कांग्रेस की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेंद्र नेगी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि वे पार्टी की विचारधारा के अनुरूप जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


अन्य पोस्ट