रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 नवंबर। शहर के संजय मार्केट में सब्जी खरीदने पहुंची एक महिला झपटमार की शिकार हो गई। बाइक पर सवार होकर बेटे के साथ बाजार आई महिला जब खरीदारी के बाद वापस जाने के लिए बाइक पर बैठ रही थी, तभी पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने उसके गले में पहनी सोने की माला को झपटकर तोड़ दिया और तीन सोने की पत्तियां लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद महिला ने आसपास युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, नया पारा सोनूमुड़ा निवासी सुमित्रा यादव अपने बच्चों के साथ रहती हैं। 9 नवंबर की शाम करीब 6 बजे वह अपने बेटे आशीष यादव के साथ मोटरसाइकिल से सब्जी खरीदने संजय मार्केट पहुंची थीं। खरीदारी करने के बाद जब वह बेटे की बाइक की पीछे वाली सीट पर बैठ रही थीं, तभी करीब 25 से 30 वर्ष का एक अज्ञात युवक पैदल पीछे से आया और उनके गले में पहनी 14 पत्ती वाली सोने की माला को झपटकर खींच लिया।
अचानक हुई इस वारदात में माला टूट गई और उसकी 11 पत्तियां जमीन पर गिर गईं, जबकि तीन सोने की पत्तियां लेकर आरोपी बाजार की ओर भाग निकला। महिला के मुताबिक, चोरी गए तीन सोने के पदकों का वजन करीब 3 ग्राम और कीमत लगभग 30 हजार रुपये है। आरोपी गुलाबी रंग की शर्ट पहने हुए था।
घटना के बाद महिला और उसके बेटे ने आसपास आरोपी की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पीडि़ता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।