रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 नवंबर। औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित आरएस इस्पात कंपनी में मंगलवार को एक औद्योगिक हादसे ने एक कर्मी की मौत हो गई। प्लांट में काम के दौरान क्रेन से उठाया जा रहा भारी लैडल अचानक असंतुलित होकर प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिहार निवासी फंटूश कुमार के रूप में हुई है। वह आरएस इस्पात में लैडलमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह कंपनी परिसर में लैडल प्री-प्रिपेयर करने के काम में लगा हुआ था। इसी दौरान क्रेन से उठाया जा रहा लैडल अचानक अनबैलेंस हो गया और सीधे प्लेटफार्म पर जा गिरा। मौके पर मौजूद फंटूश इसकी चपेट में आ गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने पर औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक राहुल पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि हादसा क्रेन में तकनीकी खराबी के कारण हुआ या लैडल उठाने और काम के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन में कोई चूक हुई थी।
फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक संयंत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर बरती जा रही सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।