रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 नवंबर। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी फहीम अख्तर (23) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे खरसिया में घेराबंदी कर पकड़ा और हत्या के प्रयास के मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दूसरा आरोपी फैज खान अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को नया बस स्टैंड खरसिया के पास विवाद के दौरान अजय राजपूत (25) बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसी दौरान फैज खान और फहीम अख्तर ने उसके साथ मारपीट की। अजय के भागने पर आरोपियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और फैज खान ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले खरसिया अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया था।
ममता ठाकुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पूछताछ में फहीम ने बताया कि वारदात के बाद दोनों बिलासपुर होते हुए नागपुर चले गए थे। नागपुर से रायगढ़ लौटकर वह खरसिया स्थित अपने घर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।