रायगढ़
एसएसपी ने डॉग मास्टर वीरेंद्र आनंद और रूबी को किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 7 नवंबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस की भव्य परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस के 17 प्रशिक्षित श्वानों को शामिल होने का अवसर मिला। इनमें रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। देशभर के पुलिस एवं सुरक्षा बलों के श्वानों की विशेष परेड में रूबी की सहभागिता जिले के लिए गौरव की बात रही।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने डॉग मास्टर वीरेंद्र आनंद और ट्रेकर डॉग रूबी को सम्मानित किया। साथ ही आरक्षक वीरेंद्र आनंद को नकद पुरस्कार देकर उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि रूबी वर्ष 2017 से रायगढ़ पुलिस में सेवाएं दे रही है। अपनी सूंघने की असाधारण क्षमता और प्रशिक्षण के दम पर उसने कई गंभीर अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं। इनमें सारंगढ़ का गिरी पैलेस चोरी कांड, छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा का तिहरा हत्याकांड और चक्रधरनगर का चर्चित काजल मसंत हत्याकांड शामिल हैं। कई मामलों में रूबी ने कम समय में अहम सुराग देकर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की।
रक्षित निरीक्षक अमित सिंह के अधीन ट्रेकर डॉग रूबी और स्नीफर डॉग राजेश को नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि अपराध अनुसंधान और घटनास्थल परीक्षण में उनकी दक्षता बनी रहे।