रायगढ़

निर्धारित स्थल के बाहर पटाखे बेचने पर कार्रवाई, जब्ती
06-Nov-2026 7:02 PM
 निर्धारित स्थल के बाहर पटाखे बेचने पर कार्रवाई, जब्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 नवंबर। दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पटाखों के अवैध भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पतरापाली स्थित ओम पटाखा बाजार में जांच की। इस दौरान विक्रेता दिनेश पटेल द्वारा निर्धारित स्थल के बाहर सडक़ किनारे रखकर बेचे जा रहे पटाखों को जब्त कर कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन के अनुसार अस्थायी पटाखा विक्रय अनुज्ञप्ति केवल नामांकित व्यक्ति, स्वीकृत स्थान और निर्धारित अवधि के लिए मान्य है। पटाखों का भंडारण और बिक्री निर्धारित स्थल पर ही की जा सकती है।

सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

प्रशासन ने पटाखा दुकानों के बीच न्यूनतम तीन मीटर की दूरी, अज्वलनशील सामग्री से दुकान निर्माण और प्रत्येक दुकान में पांच किलोग्राम क्षमता का अग्निशामक यंत्र, दो बाल्टी रेत तथा दो बाल्टी पानी रखना अनिवार्य किया है। दुकानों में माचिस, लाइटर, मोमबत्ती और खुली आग का उपयोग प्रतिबंधित है। सुरक्षित विद्युत वायरिंग की व्यवस्था भी जरूरी है।

विक्रेता केवल अनुमत हरित पटाखे ही बेच सकेंगे। प्रतिबंधित विदेशी और निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज करने वाले पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित है। पटाखों की बिक्री सुबह 6 से रात 10 बजे तक ही की जा सकेगी। विक्रय स्थल के 50 मीटर के दायरे में आतिशबाजी का प्रदर्शन और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने, प्रतिबंधित पटाखे बेचने या जनसुरक्षा को खतरे में डालने पर विस्फोटक अधिनियम 1884 और विस्फोटक नियम 2008 के तहत सामग्री जब्त करने के साथ अनुज्ञप्ति निलंबित या निरस्त की जा सकती है। सभी विक्रेताओं को निर्धारित स्थल पर ही कारोबार करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट