रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 6 नवंबर। रायगढ़ जिले में ऑपरेशन आघात के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम बिंजकोट में कार्रवाई कर 4.110 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा लेकर जा रहे 62 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गांजा खरीदी-बिक्री में सहयोग करने वाले दूसरे आरोपी को भी पकड़ा गया। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से ग्राम दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी कर संदेही धनेश्वर कुम्हार (62), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट बरामद हुए। तौल कराने पर कुल 4.110 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। विवेचना के दौरान धनेश्वर से पूछताछ में गांजा की खरीदी-बिक्री में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये भी बरामद कर जब्त की गई। दोनों आरोपियों को थाना भूपदेवपुर में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की पतासाजी में जुटी है।