रायगढ़

वन्यजीव संरक्षण और नि:स्वार्थ सेवा के लिए सर्प रक्षक टीम को मिला बालासाहब देशपांडे सम्मान
06-Nov-2026 6:58 PM
वन्यजीव संरक्षण और नि:स्वार्थ सेवा के लिए सर्प रक्षक टीम को मिला बालासाहब देशपांडे सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 नवंबर। वन्यजीव संरक्षण और बेजुबान जीवों की सुरक्षा के लिए नि:स्वार्थ एवं नि:शुल्क सेवा करने वाली रायगढ़ की सर्प रक्षक टीम को एक विशेष सम्मान से नवाजा गया है। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित प्रबुद्ध जन बैठक में संस्था को वन्यजीव संरक्षण एवं सेवा कार्यों के लिए ‘बालासाहब देशपांडे सम्मान’ प्रदान किया गया।

सर्प रक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने बताया कि यह सम्मान सर्प रक्षक टीम द्वारा लंबे समय से वन्यजीवों के संरक्षण, सांपों के सुरक्षित बचाव और उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया। टीम के सदस्य बिना किसी शुल्क के अपनी सेवाएं देते हुए लोगों को सांपों के प्रति जागरूक करने के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम, रायगढ़ के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में सर्परक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी, सुमित बेहरा, पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, विक्की चौहान, किशन धर्मा, रवि मिरी, जय नारायण खर्रा का सम्मान हुआ सम्मान प्राप्त होने पर सर्प रक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय, रायगढ़ जिला अध्यक्ष प्रांजल तामस्कर, नगर समिति सचिव सौमित्र तामस्कर सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के लिए गर्व और प्रोत्साहन का विषय है। समाज और प्रकृति के प्रति नि:स्वार्थ भाव से किए जा रहे कार्यों को मिली यह पहचान टीम को आगे भी पूरी निष्ठा के साथ सेवा जारी रखने की प्रेरणा देगी।


अन्य पोस्ट