रायगढ़

5 जगह पुलिस की दबिश, 18 जुआरी बंदी
05-Nov-2026 9:03 PM
5 जगह पुलिस की दबिश, 18 जुआरी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 नवंबर। पुलिस ने एक ही दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 38 हजार 450 रुपये नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

4 नवंबर को कोतवाली, जूटमिल और पुसौर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ रेड की कार्रवाई की।  कोतवाली पुलिस ने डीएसपी अजय नागवंशी के नेतृत्व में पंचधारी डेम स्थित मंदिर के पास दबिश दी। यहां काट पत्ती नामक जुआ खेलते दीपंकर मित्रा उर्फ शुभम (32), सुभाष चन्द्र व्यापारी उर्फ आकाश (28), विक्की मंडल (40) और भास्कर दास (48) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 23,200 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

जूटमिल पुलिस ने कयाघाट स्थित बजरंगबली मंदिर के सामने जुआ खेल रहे विजय दास महंत (38), अक्षय भारद्वाज (30) और जावेद अली (20) को पकड़ा। इनके पास से 1,980 रुपये जब्त किए गए। वहीं बांझीनपाली स्थित मनकेशरी मंदिर के सामने जुआ खेल रहे संजय कुमार पाण्डेय (40), उमेश आदित्य (30), कमलेश उर्फ भुरी यादव (23) और एतवारी आदित्य (60) को गिरफ्तार किया गया। यहां से 920 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों स्थानों पर कुछ जुआरी पुलिस को देखकर फरार हो गए।

इधर, पुसौर पुलिस ने ग्राम बाघाडोला पंचायत भवन के सामने जुआ खेल रहे डिग्रीलाल चौहान (54), जपेश्वर चौहान (32) और गोपाल चौहान (34) को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2,150 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई। वहीं ग्राम जकेला खार के पास जुआ खेल रहे जगदीश साव (29), विद्याधर साव (48), सुशील प्रधान (48) और नंद कुमार साव (31) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 10,200 रुपये नकद और ताश की गड्डी जब्त की गई।

पुलिस ने सभी 18 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट