रायगढ़

उधारी नहीं मिली तो वृद्धा के घर में घुसकर लूटपाट
05-Nov-2026 9:02 PM
उधारी नहीं मिली तो वृद्धा के घर में घुसकर लूटपाट

रायगढ़, 5 नवंबर। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े देवगांव में वृद्ध महिला के घर में घुसकर लूटपाट और मारपीट करने वाले आरोपी नागेश कुमार गवेल (29 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने 4,500 रुपये उधार नहीं मिलने पर लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, रामबाई साहू (62) ने 1 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर की रात करीब 1.30 बजे एक व्यक्ति उनके घर में घुसकर आलमारी और संदूक तोड़ रहा था। विरोध करने पर उसने बांस के डंडे से महिला के सिर और हाथों पर हमला किया तथा 30 हजार रुपये नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवर लेकर फरार हो गया।

जांच में संदेह के आधार पर पुलिस ने नागेश कुमार गवेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि घटना की रात वह डेमलाल उरांव से 4,500 रुपये उधार मांगने गया था। रकम नहीं मिलने पर उसने लूट की योजना बनाई। उसे जानकारी थी कि रामबाई घर में अकेली रहती हैं। इसके बाद वह घर में घुसा और हथौड़ी से आलमारी व संदूक तोडक़र चोरी करने लगा। महिला के जागने पर उसने डंडे से हमला कर दिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बोरदी मोड़ के पास झाडिय़ों से हथौड़ी और बांस का डंडा बरामद किया। उसके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद और डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। शेष 25 हजार रुपये तथा जेवर नरवा मुक्तिधाम के पास छिपाने की जानकारी पर तलाशी ली गई, लेकिन वहां कुछ बरामद नहीं हुआ।

आरोपी नागेश कुमार गवेल, पिता प्रमोद कुमार गवेल, निवासी ग्राम बड़े बोरदी, थाना खरसिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(6) और 331(6) के तहत कार्रवाई की गई है।

उसे 4 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट