रायगढ़

जंगल में दंतैल का हमला, महिला को सूंड से उठाकर पटका, जख्मी
31-Oct-2026 7:10 PM
जंगल में दंतैल का हमला, महिला को सूंड से उठाकर पटका, जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 31 अक्टूबर। धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारुमा रेंज में शौच के लिए जंगल गई 45 वर्षीय महिला का सामना अचानक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से महिला की जान बच गई। उसे उपचार के लिए पत्थलगांव स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वन विभाग ने पीडि़ता के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। पूरे धरमजयगढ़ वन मंडल में फिलहाल 93 हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना बाकारुमा रेंज के जगड़ा गांव की है। रसमोती उरांव (45), पति संतोष उरांव, शनिवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गई थी। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे एक दंतैल हाथी से उसका आमना-सामना हो गया। अचानक सामने आए हाथी ने महिला को संभलने का मौका तक नहीं दिया और सूंड से हमला कर दिया। इस घटना में महिला घायल हो गई। इस बीच मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह हो हल्ला करके महिला को बचाया अन्यथा हाथी के हमले से महिला की मौत भी हो सकती थी। घटना के बाद महिला को तत्काल पत्थलगांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। महिला पर हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। विभाग की ओर से पीडि़त महिला के परिजनों को तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की गई है। वहीं आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

धरमजयगढ़ वन मंडल में 93 हाथियों की मौजूदगी-वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बाकारुमा रेंज में फिलहाल एक नर हाथी अकेले विचरण कर रहा है। वहीं पूरे धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की संख्या 93 बताई गई है। ये हाथी अलग-अलग दलों में जंगलों में घूम रहे हैं। इनमें 31 नर, 43 मादा और 19 शावक शामिल हैं। जंगल से लगे गांवों में हाथियों की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।


अन्य पोस्ट