रायगढ़

युवक पर वार, आरोपी दुकानदार बंदी
31-Oct-2026 7:09 PM
युवक पर वार, आरोपी दुकानदार बंदी

रायगढ़, 31 अक्टूबर। तमनार के ग्राम कठरापाली में मुर्गा जल्दी देने की बात पर हुए विवाद में दुकानदार ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से युवक के पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया। मामले में तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन सोनी पिता श्रवण सोनी (62) के विरुद्ध गैर जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी मुकेश रात्रे पिता बिहारी लाल रात्रे, (19), 23 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे अपने दोस्त मुकेश पैकरा के साथ गांव में कृष्णा सोनी की मुर्गा दुकान पर मुर्गा खरीदने गया था। इस दौरान मुर्गा जल्दी देने की बात कहने पर दुकान में मुर्गा काटने का काम करने वाले अर्जुन सोनी ने नाराज होकर युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान मुकेश रात्रे जमीन पर गिर गया, जिसके बाद आरोपी ने मुर्गा काटने वाले लोहे के कत्ते से उसके बाएं पैर के तलवे पर वार कर चोट पहुंचाई। घटना के संबंध में प्रार्थी ने 24 अक्टूबर को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई। तमनार पुलिस ने आहत का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी अर्जुन सोनी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया।  पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।   


अन्य पोस्ट