रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 30 अक्टूबर। शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर रायगढ़ के एक डॉक्टर से 34 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने इंदौर में दबिश देकर तीन युवतियों और दो युवकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में दो अलग-अलग साइबर अपराधों में उनकी संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर पुलिस बैंक खातों और लेनदेन की जांच कर रही है।
व्हाट्सऐप पर फर्जी मुनाफा दिखाकर की ठगी
पुलिस के अनुसार, डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने 27 मई को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में सुनील नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद व्हाट्सऐप पर कंपनी का पोर्टफोलियो भेजकर निवेश के बदले लगातार बढ़ता मुनाफा दिखाया गया। भरोसे में आकर डॉक्टर ने अलग-अलग किश्तों में 34 लाख रुपये से अधिक निवेश कर दिए। रकम निकालने की कोशिश करने पर भुगतान नहीं हुआ और उनसे और पैसे लगाने को कहा गया। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।
म्यूल अकाउंट के जरिए कमीशन लेने का आरोप
दूसरे मामले में सूरज शर्मा ने शिकायत की थी कि उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 12 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच 18 बार में 2 लाख 97 हजार 298 रुपये का लेनदेन हुआ। बाद में महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब में साइबर ठगी की शिकायतें सामने आने पर खाता फ्रीज कर दिया गया। जांच में इंदौर की गायत्री विश्वकर्मा के माध्यम से सूरज को नकद और यूपीआई से कमीशन मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
कॉमन मोबाइल नंबर से खुला नेटवर्क
दोनों मामलों की जांच के दौरान एक कॉमन मोबाइल नंबर सामने आया, जो इंदौर की तनिषा पाटिल से जुड़ा था। इसके आधार पर रायगढ़ पुलिस की टीम ने इंदौर के एक कॉल सेंटर में दबिश देकर गायत्री विश्वकर्मा और तनिषा पाटिल को पकड़ा। इसके बाद विजय नगर से ज्योति मालवीय और परदेशीपुरा से तरुण नागर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, खरसिया में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहे सूरज शर्मा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को इंदौर न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद रायगढ़ लाया। पुलिस के अनुसार, पहले अपराध में तरुण नागर, ज्योति मालवीय और तनिषा पाटिल की भूमिका सामने आई है, जबकि दूसरे मामले में सूरज शर्मा, गायत्री विश्वकर्मा और तनिषा पाटिल की भूमिका की जांच की जा रही है। जब्त मोबाइल फोन और बैंक खातों से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल जारी है। नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।