रायगढ़

लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव अभियान, भाजपा की पदयात्रा आज
30-Oct-2026 7:05 PM
लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव अभियान, भाजपा की पदयात्रा आज

 वित्त मंत्री की मौजूदगी में निकलेगी यात्रा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

रायगढ़, 30 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाव, अराजकता हटाव अभियान के तहत 31 अक्टूबर को रायगढ़ में विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी सहित जिलेभर के हजारों भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में सभा होगी। इसके बाद 11 बजे पदयात्रा शुरू होकर सिल्वर पैलेस, मंदिर चौक, न्यू मार्केट, सुभाष चौक, हटरी चौक, हंडी चौक, घड़ी चौक, सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, नटवर स्कूल और स्टेशन चौक होते हुए गांधी प्रतिमा चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतंत्र की मर्यादा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि लोकतंत्र जनता के अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। वहीं जिला महामंत्री विकास केडिया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी मंडलों, मोर्चों और प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पदयात्रा में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप, महापौर जीवर्धन चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गभेल भी शामिल होंगे। भाजपा नेताओं ने जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सभा एवं पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है।


अन्य पोस्ट