रायगढ़

केलो डैम लूटकांड, चौथा आरोपी बंदी
28-Oct-2026 10:11 PM
केलो डैम लूटकांड, चौथा आरोपी बंदी

रायगढ़, 28 अक्टूबर। केलो डैम घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चौथे आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम (20) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से युवती का लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक और उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) ने 12 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट से केलो डैम गया था। लौटते समय तीन-चार युवकों ने उसके साथ मारपीट कर 1,500 रुपये और आईफोन 12 मिनी लूट लिया। आरोपियों ने युवती का मोटोरोला मोबाइल भी छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पहले इंदिरा नगर निवासी सोहेल अंसारी (23), उर्दना डीपापारा निवासी रणवीर कुमार (22) और कुरमापाली निवासी रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक, रामकुमार से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई थी।

पूछताछ में रामकुमार ने युवती का मोबाइल अपने साथी मोहम्मद मोफिद आलम के पास होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उर्दना-रायगढ़ मार्ग स्थित गैरेज में काम करने वाले मोफिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।


अन्य पोस्ट