रायगढ़

बिरयानी के लिए पैसे जुटाने की खातिर हत्या
26-Oct-2026 7:57 PM
बिरयानी के लिए पैसे जुटाने की खातिर हत्या

24 घंटे में खुलासा, 4 नाबालिग सहित 5 बंदी

रायगढ़, 26 अक्टूबर।  जूटमिल पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात शव के अंधे कत्ल का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस ने एक युवक राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19) और चार विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को अभिरक्षा में ले लिया है।

24 अक्टूबर की सुबह बस स्टैंड के पास एक 35-40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था, जिसके शरीर पर चाकू के निशान थे। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और कबाड़ चोरी के साथ अकेले लोगों से लूटपाट करते थे। 23 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे नशे में धुत आरोपियों ने बिरयानी खाने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति की जेब टटोली। व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से उसके सीने, पीठ और जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से 700 रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रक्तरंजित कपड़े, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बटन चाकू जब्त कर लिया है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के साथ संगठित अपराध की धारा 111 भी जोड़ी गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट