रायगढ़

नशीली सिरप जब्त, 2 सप्लायर बंदी
26-Nov-2026 6:44 PM
नशीली सिरप जब्त, 2 सप्लायर बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 26 नवंबर। घरघोड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री करने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे दो सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित कुल 2600 एमएल, वजन 3 किलो 506 ग्राम एवं कीमत 41,247 की सिरप बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, 24-25 नवंबर की दरम्यानी रात घरघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहा के पास ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार के हमराह पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया।

पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान कन्हैया यादव तथा तेज राम यादव दोनों निवासी रायगढ़ के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुई। आरोपियों द्वारा  प्रतिबंधित नशीली सिरप को बिक्री के उद्देश्य से अपने कब्जे में रखना पाए जाने पर थाना घरघोड़ा में धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट