रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 25 नवंबर। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट एवं चाकूबाजी की घटना में शामिल फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा उद्घोषणा जारी की गई है। आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद पिता मुस्ताक खान, (25), निवासी सिविल लाइन खरसिया, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ के संबंध में सूचना देने अथवा उसकी गिरफ्तारी में पुलिस की मदद करने वाले व्यक्ति को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
मारपीट के अपराध को लेकर आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद व एक अन्य आरोपी के विरूद्ध थाना खरसिया (चौकी खरसिया) में धारा 296, 351(3), 109, 118(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। अपराध विवेचना में मारपीट में शामिल एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है। आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस दबिश दे रही है। आरोपी बचने लुक छिप रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी हो सके, ऐसे सूचना देने वाले व्यक्ति को पांच हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जावेगा। सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जावेगा। पुरस्कार विवरण के संबंध में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ का निर्णय अंतिम होगा।