रायगढ़

कोयला लोड ट्रेलर में आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
28-Nov-2026 7:37 PM
कोयला लोड ट्रेलर में आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 28 नवंबर। खरसिया-छाल मार्ग पर शुक्रवार शाम देहजरी गांव के पास कोयला लोड ट्रेलर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। ट्रेलर में आग भडक़ते ही ड्राइवर ने वाहन से छलांग लगा जान बचाई। इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

 कोयला लोड ट्रेलर छाल की ओर से आ रहा था। इसी दौरान देहजरी गांव के पास वाहन के इंजन वाले हिस्से में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ट्रेलर से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो सकी।

प्रारंभिक तौर पर ट्रेलर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।


अन्य पोस्ट