रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 नवंबर। चक्रधरनगर पुलिस ने जुर्डा रेलवे फाटक के पास जुआ खेल रहे चार जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7,920 नकद एवं 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
24 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जुर्डा रेलवे फाटक के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। चक्रधरनगर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए मोबाइल की टॉर्च जलाकर ताश पत्ती से हार-जीत का दांव लगा रहे चार जुआरियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में अजय साहू, अजीत दास महंत, किशन साहू तथा नरेंद्र कुमार साव शामिल हैं। पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 7,920 नकद एवं 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।