रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 अक्टूबर। सिटी कोतवाली पुलिस ने ढिमरापुर चौक के पास दबिश देकर अफीम बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 47 ग्राम अफीम, जिसकी कीमत लगभग 10,000 है, तथा एक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार, जिसकी कीमत करीब 8 लाख है, जब्त की गई है। इस कार्रवाई में कुल 8.10 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।
25 अक्टूबर को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 13 एक्यू 4225 में अवैध रूप से अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी ने उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक अमरजीत सिंह (20), रायगढ़ को पकड़ा।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखा 47 ग्राम अफीम बरामद हुआ।
मादक पदार्थ रखने के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ में उसने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना बताया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए 47 ग्राम अफीम, कीमत लगभग 10,000, और ब्रेजा कार, कीमत करीब 8 लाख, जब्त की। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 18(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।