रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 अक्टूबर। दीपावली के पहले औद्योगिक प्रदूषण को लेकर रायगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने शिव शक्ति स्टील प्लांट से निकलने वाले धुएं और धूल से आसपास के वातावरण पर असर पडऩे की शिकायत की है। उनका आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला काला धुआं और उड़ती धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र की सडक़ों पर उडऩे वाली बारीक धूल से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। धूल आंखों में जाने और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उनका कहना है कि सडक़ पर धूल का गुबार होने से वाहन चलाना मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण के साथ सडक़ सुरक्षा के लिए भी प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि प्लांट के आसपास पेड़-पौधों की पत्तियों पर काली धूल जम रही है। इससे क्षेत्र की हरियाली और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका जताई जा रही है। किसानों को भी फसलों पर औद्योगिक धूल जमने से संभावित नुकसान की चिंता है। हालांकि, प्रदूषण के वास्तविक स्तर और फसलों पर इसके प्रभाव की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक जांच की आवश्यकता है।प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर संबंधित विभागों और जिला प्रशासन तक शिकायत पहुंचा चुके हैं, लेकिन उन्हें स्थायी राहत नहीं मिली है।