रायगढ़

पति के साथ मायके से लौट रही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत
22-Oct-2026 6:59 PM
पति के साथ मायके से लौट रही नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

परिजनों ने जताई मारपीट की आशंका, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 अक्टूबर। पति के साथ मायके से ससुराल लौट रही 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला को रास्ते में गिरने के बाद जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति पर पहले से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए घटना के पीछे मारपीट की आशंका जताई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सावित्री जायसवाल की शादी करीब तीन साल पहले भूपेंद्र डनसेना के साथ हुई थी। सावित्री का मायका सारंगढ़ के गुढिय़ारी में है, जबकि उसका ससुराल रायगढ़ जिले के सराईभद्दर में बताया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और पति द्वारा मारपीट किए जाने की भी बात कही गई है। इसी बीच सावित्री करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को सावित्री का पति उसे मायके से वापस ससुराल लेकर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया। सूपा के पास सावित्री के गिरने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद और मारपीट की बात सामने आती रही है, ऐसे में रास्ते में गिरने की घटना और उसके बाद हुई मौत की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। परिजनों ने मांग की है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।


अन्य पोस्ट