रायगढ़
दो संचालकों पर एफआईआर, हितग्राहियों को राशन नहीं देने का भी आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 अक्टूबर। खरसिया विकासखंड के ग्राम सोनबरसा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में 10.84 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी सामने आई है। खाद्य विभाग की जांच में 251.58 क्विंटल चावल और 3.20 क्विंटल नमक कम पाया गया। मामले में खाद्य निरीक्षक की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने धनराज साहू और गोवर्धन दास महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर को खाद्य निरीक्षक ने सरपंच, सचिव, दुकान विक्रेता और ग्रामीण हितग्राहियों की मौजूदगी में दुकान की जांच की। दुकान का आवंटन ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव के नाम था, लेकिन अक्टूबर 2024 से खाद्यान्न के भंडारण, वितरण और ई-पॉस मशीन संचालन की जिम्मेदारी धनराज साहू और गोवर्धन दास महंत संभाल रहे थे।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, दुकान में कुल 297.58 क्विंटल चावल और 20.08 क्विंटल नमक उपलब्ध होना चाहिए था, जबकि मौके पर 46 क्विंटल चावल और 16.88 क्विंटल नमक मिला। विभाग ने चावल की कमी का मूल्य 10,81,040 रुपये और नमक का मूल्य 3,773 रुपये आंका है। इस तरह कुल 10,84,813 रुपये का खाद्यान्न कम पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि सितंबर और अक्टूबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का भंडारण होने के बावजूद हितग्राहियों को वितरण के लिए पर्याप्त राशन उपलब्ध नहीं था। शिकायत में इन महीनों का राशन नहीं बांटने और जून से सितंबर तक खाद्यान्न संबंधी 43,670 रुपये की राशि जमा नहीं करने का भी उल्लेख है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।