रायगढ़

महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस ने बनाई मां दुर्गा वाहिनी
17-Oct-2026 9:00 PM
महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस ने बनाई मां दुर्गा वाहिनी

दो पेट्रोलिंग टीमें गठित, गरबा स्थलों और दुर्गा पंडालों पर रखेंगी नजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 अक्टूबर। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने विशेष पहल करते हुए ‘मां दुर्गा वाहिनी’ का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दो विशेष पेट्रोलिंग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें शहर के दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी और जरूरत पडऩे पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।

पहली टीम की प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर (थाना कोतरारोड) और दूसरी टीम की प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे (महिला थाना) हैं। दोनों टीमों में महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल हैं, जो दोपहिया वाहनों से पेट्रोलिंग करेंगे।

एसएसपी ने टीमों को सभी प्रमुख आयोजन स्थलों का नियमित भ्रमण करने और महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दुर्गा पंडालों में पुलिस सहायता के हेल्पलाइन नंबरों के पोस्टर लगाने को कहा है। निर्देशों के बाद एसएसपी ने दोनों टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन नंबरों पर मिलेगी सहायता- महिलाएं सुरक्षा संबंधी समस्या, छेड़छाड़ या आपात स्थिति में हेलो सिस्टर हेल्पलाइन नंबर 9479270533 और पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर संपर्क कर सकती हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआर अमित सिंह, थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट