रायगढ़

गांजा तस्करी का फरार आरोपी बंदी
16-Oct-2026 6:53 PM
गांजा तस्करी का फरार आरोपी बंदी

रायगढ़, 16 अक्टूबर। चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपी जफर खान (55), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम लामीदरहा के सडक़पारा स्थित एक किराना दुकान में दबिश दी गई थी। वहां रशीद खान (57) और उसके बेटे शेख नसीब (27) के कब्जे से करीब 1 किलो 28 ग्राम गांजा बरामद हुआ था। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जफर खान 15 सितंबर को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर आया था और 10 हजार रुपये में उन्हें बेचकर गया था। इसके बाद गांजे की पुडिय़ा बनाकर 50 रुपये प्रति पुडिय़ा के हिसाब से बिक्री की जा रही थी। जांच में जफर की भूमिका सामने आने के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तमनार पुलिस के सहयोग से ग्राम बिजना में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में जफर ने रशीद को अपनी बहन बताते हुए गांजा बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


अन्य पोस्ट