रायगढ़

भाजपा राज में गरीब परेशान-शाखा यादव
16-Oct-2026 6:52 PM
भाजपा राज में गरीब परेशान-शाखा यादव

रायगढ़, 16 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने भाजपा सरकार पर गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेंशन, राशनकार्ड और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आम लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। सरकार के कामकाज का आकलन विज्ञापनों से नहीं, बल्कि जनता को मिलने वाली सुविधाओं से होना चाहिए।

यादव ने दावा किया कि विधवा, दिव्यांग और निराश्रित पेंशन तीन महीने से लंबित होने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पेंशन पर निर्भर लोगों के लिए यह राशि भोजन, दवा और अन्य जरूरतों का प्रमुख सहारा है। उनके अनुसार, पहले भी पेंशन में देरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विरोध प्रदर्शन किया था।

उन्होंने राशनकार्ड बनाने और परिवार के सदस्यों के नाम जोडऩे की प्रक्रिया को जटिल बताते हुए पात्र जरूरतमंदों को सूची से बाहर किए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को राशनकार्ड व उपचार सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने की मांग की।

बिजली बिल के मुद्दे पर यादव ने आरोप लगाया कि बकाया राशि के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत देने और स्वेच्छानुदान राशि का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ समय पर पेंशन, सहज राशनकार्ड प्रक्रिया, सुलभ इलाज और जरूरतमंदों को आर्थिक राहत देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही मांगती रहेगी।


अन्य पोस्ट