रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 अक्टूबर। छाल पुलिस ने ग्राम बड़े जामपाली की जंगल रोड किनारे जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 63,200 नकद, 52 पत्ती ताश एवं एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
8 अक्टूबर को थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़े जामपाली की जंगल रोड किनारे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताशपत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन में थाना छाल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ा तथा फड़ से नकदी और ताशपत्ती बरामद की।
पुलिस ने मौके से दीपक पाठक (41), राजबहादुर पाटले (33), अवधेश सिंह राजपूत (50), को पकड़ा। आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल 63,200 नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की गई। मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।