रायगढ़
रायगढ़, 9 अक्टूबर। थाना जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत होटल एटलस में होटल संचालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपलाल निराला पिता बरसाती निराला, (39), निवासी मौदहापारा जूटमिल, रायगढ़ ने पुलिस की लगातार दबिश एवं दबाव के बीच आज एसपी आफिस में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद जूटमिल पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
मामले के संबंध में दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी हेमराज बरेठ पिता कंगालू बरेठ, (35) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के वहां पहुंचने पर आरोपी ने कमरा देने तथा शराब पीने के लिए पैसे देने की मांग की।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने एवं होटल में कमरा खाली नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्का से मारपीट कर धक्का दिया।
आरोपी ने प्रार्थी को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में धारा 115(2), 119(1), 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के दबाव के बीच आरोपी ने एसपी आफिस पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। आरोपित ने एसएसपी के समक्ष अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की गुहार लगाई है जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।